कोटद्वार के यूपी बार्डर कौड़िया में बाहर से आने वाले लोगों के सैंपल लेती मेडिकल टीम।
- फोटो : KOTDWAR
देहरादून में ओमिक्रॉनकी दस्तक से इससे सटे पौड़ी गढ़वाल जिले के सभी बार्डर और चेकपोस्ट पर मेडिकल टीम तैनात कर दी गई है। कोटद्वार के यूपी बार्डर पर खास निगाह रखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ ही जिले का पुलिस महकमा भी अलर्ट मोड़ पर आ गया है। हर दिन यूपी बार्डर पर 75 से 100 लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से जहां लोगों में डर बढ़ने लगा है। वहीं पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना गाडड लाइन का सख्ती से पालन करवाए जाने, राज्य और जनपदों की सीमा में बाहर से आने वाले वाहनों को रोककर सैंपल लेने का काम भी शुरू हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि जिले की सीमाओं पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ पुलिस निरंतर चेकिंग कार्य में जुटी है। सभी थानों को सामाजिक दूरी का अनुपालन कराने के साथ ही मास्क की अनिवार्यता पर फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ डा. प्रवीण कुमार ने बताया कि जनपद और राज्य की सीमाओं पर पहले की तरह मेडिकल टीमें तैनात कर दी गई हैं। पॉजीटिव मामलों के सैंपल जीनोम सीक्वेंस की जांच के लिए दून अस्पताल भेजे जा रहे हैं। कोटद्वार बार्डर पर दुगड्डा विकासखंड की मेडिकल टीम तैनात की गई है। इसके अलावा हरिद्वार की ओर से आने वाले लोगों की सैंपलिंग के लिए चिलरखाल बैरियर पर भी टीम तैनात की गई है। दुगड्डा ब्लाक के कोविड नोडल अधिकारी डा. मनोज कुमार ने बताया कि शुक्रवार को कौड़िया बार्डर पर 78 सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।