दुगड्डा-डाडामंडी-कांडाखाल मोटर मार्ग पर आमडाली के समीप मलबे को हटाती लोनिवि की जेसीबी मशीन।
- फोटो : KOTDWAR
रुक-रुककर हो रही भारी बारिश से मलबा आने से नौ सड़कें बंद हो गईं, जिससे दर्जनों गांवों का सड़क से संपर्क कट गया है। कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर आए मलबे को एनएच खंड ने जेसीबी लगाकर हटाया। दुगड्डा-डांडामंडी और फतेहपुर-लैंसडौन मार्ग पर आए मलबे को हटाकर यातायात सुचारु करवाया गया। जबकि अन्य कई सड़कें बंद पड़ी हैं।
बृहस्पतिवार रात से रुक-रुककर हो रही बारिश का सिलसिला शुक्रवार शाम तक जारी रहा। बारिश के कारण कोटद्वार में झंडाचौक में एनएच तालाब में तब्दील हो गया। इसके अलावा तहसील चौराहे पर नालियां ओवर फ्लो होने के कारण बरसाती पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण खोह, मालन, सुखरो, कोल्हू आदि नदियां उफान पर रहीं। बारिश के कारण मलबा आने से लोनिवि निर्माण खंड श्रीनगर का किंसुर-कांडी ग्रामीण मार्ग, लोनिवि निर्माण खंड दुगड्डा के अंतर्गत जगमोहन सिंह नेगी स्टेट हाईवे नौ, चाक्यू-हिलोगी मार्ग, लोनिवि निर्माण खंड बैजरो के अंतर्गत मैठाणाघाट-ढौंर-जाखणी-तकुलसारी-रसिया महादेव-सौंफखाल-दिबोली-बंदरकोट-नौलापुर मार्ग, नौलापुर-खेतु-केदारगली-घोडियाणा-बीरोंखाल मार्ग, मैखुली-देवराड़ी मार्ग, रिखाड़-धोबीघाट मार्ग, चकरगांव-कलाण मार्ग, कैन्यूर-रौली-बगवाड़ी मार्ग बंद हो गए। सड़के बंद होने के कारण लोगों पैदल आवाजाही करनी पड़ी। लोनिवि की ओर से सड़कें खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं। वहीं लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह और लैंसडौन के ईई विवेका प्रसाद सेमवाल ने बताया कि सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर यातायात के लिए खोला जा रहा है।