कोटद्वार/यमकेश्वर। जिला पंचायत सदस्य गुमालगांव कविता डबराल के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र में बिक रही अवैध एवं मिलावटी शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सोमवार को यमकेश्वर तहसील में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम रेखा आर्य के माध्यम से जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन भेजा।
सोमवार को क्षेत्रवासी यमकेश्वर तहसील में एकत्र हुए। यहां उन्होंने क्षेत्र में बिक रही अवैध एवं मिलावटी शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि उमड़ा एवं पौखाल के शराब ठेकेदारों द्वारा यमकेश्वर ब्लॉक के विभिन्न स्थानों पर घर-घर डीलर बनाकर अवैध रूप से मिलावटी शराब बेची जा रही है, जिससे क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है और मिलावटी शराब पीने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
ज्ञापन में मिलावटी शराब पर प्रतिबंध लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में ब्लॉक प्रमुख सीता देवी, पूर्व प्रधान बसंती देवी, कुलदीप सिंह, सुमन सिंह, सुभाष शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य बचन बिष्ट, मोहन सिंह नेगी, विक्रम सिंह, ग्राम प्रधान पूनम देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन नेगी आदि शामिल रहे।