जयहरीखाल। ब्लॉक सभागार में हुई क्षेत्र पंचायत समिति जयहरीखाल की बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सरकारी स्कूलों में तैनात शिक्षकों के मनमाने रवैये से पठन-पाठन प्रभावित होने और शिक्षा के गिरते स्तर पर चिंता जताते हुए जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव पारित किया। ब्लॉक प्रमुख दीपक भंडारी ने विभाग को आठ किमी की परिधि के अंतर्गत रहने का नियम का पालन न करने व समय से विद्यालय नहीं पहुंचने पर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख दीपक भंडारी की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक हुई। सर्वप्रथम पिछली बैठक में हुई कार्रवाई का वाचन एवं पुष्टि की गई। शिक्षा विभाग की चर्चा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के मनमाने रवैये से न केवल पठन पाठन का कार्य प्रभावित हो रहा है, अपितु शिक्षा का स्तर भी गिरता जा रहा है। कहा कि शिक्षा अधिकारियों की हिदायत व कार्रवाई की चेतावनी भी बेअसर साबित हो रही है। स्थिति यह है कि सरकारी शिक्षक मात्र औपचारिकता निभाने विद्यालय पहुंच रहे हैं और स्कूल में ताला लगाकर लौट जाते हैं। शिक्षकों की इस कार्यप्रणाली से अभिभावक और ग्रामीण त्रस्त हैं। जड़ियाना के प्रधान सूर्यदेव शाह ने सभी की सहमति से विभाग के खिलाफ निंदा प्रस्ताव किया। गवाणा के क्षेत्र पंचायत सदस्य उपेंद्र सिंह ने जीआईसी थल्दा का मार्ग क्षतिग्रस्त होने, बंदूण की प्रधान अंजलि देवी ने आपदा से क्षतिग्रस्त प्राथमिक विद्यालय के मार्ग का निर्माण करवाने, असनखेत के प्रधान ने अस्पताल स्टॉफ के समय से नहीं पहुंचने, दुधारखाल एवं असनखेत के अस्पताल में चिकित्सक की तैनाती न होने की शिकायत दर्ज कराई। तोली के प्रधान विपिन धस्माना ने कहा कि विद्युत उपखंड सतपुली के अधिकारी कभी भी बैठक में नहीं आते हैं, जिससे समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। बौंठा के प्रधान सुशील कुमार ने बिजली लाइन क्षतिग्रस्त रहने व अनुमानित बिलों को भेजने पर रोष प्रकट किया।
बौंठा के प्रधान ने उनकी ग्रामसभा की पेयजल योजना से अन्यत्र गांव को पानी देने पर रोष प्रकट किया। अधिशासी अभियंता जल संस्थान के बयान से गुस्साए सदस्यों ने सदन में विरोध शुरू कर दिया, जिससे सदन में काफी देर तक नोकझोंक होती रही। तोली के प्रधान विपिन ने मौली पेयजल योजना एवं गड़कोट बीडीसी मेंबर किरण रौतेला ने कांडाखाल सगवाडी पेयजल योजना व जड़ियाना के प्रधान ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। नेगयाना के प्रधान ने खच्चरबाड़ी तोक में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। सारी की प्रधान नीतू देवी ने सारी मल्ली एवं आसपास के पेयजल स्रोत सूखने की शिकायत दर्ज कराई।
लोनिवि की चर्चा में ग्राम प्रधान सुरेश चंद्र ने वड्डा-ग्वीलानी मोटर मार्ग के कारण उनकी सिचाई गूल क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम प्रधान सुशीला देवी ने पीड़ा-कांदोली मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुश्ते के निर्माण की मांग की। अंत में सभी सदस्यों ने लैंसडौन तहसील के पास पार्किंग का निर्माण का कार्य जिला योजना में स्वीकृत कराने का प्रस्ताव रखा। बैठक में डीडीओ मानवेंद्र कौर, अजय शंकर, डॉ. रश्मि, बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. महबूब खान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन बीडीओ जयकृत सिंह बिष्ट ने किया।