थलीसैंण। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी में उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद, गुजरात के सहयोग से देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान युवाओं को स्वरोजगार अपनाने पर जोर दिया गया।
बृहस्पतिवार को महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का ब्लॉक प्रमुख सुनीता रावत ने उद्घघाटन किया। इस मौके पर उन्होंने महाविद्यालय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों को तैयार करके हम अपने गांव में ही उद्यमिता स्थापित कर सकते हैं, जो कि हमारी आगे की नई पीढ़ी के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा।
देवभूमि उद्यमिता केंद्र के फैकल्टी मेंटर डाॅ. प्रकाश फोंदणी ने कहा कि बंजर होती जमीन का उपयोग हम जड़ी बूटी कृषिकरण व फ्लोरीकल्चर के लिए कर सकते है। इस प्रकार के उद्यम को स्थापित करने से कई पीढ़ियों को स्वरोजगार मिलेगा। डाॅ. पुनीत चंद्र वर्मा ने कहा कि महाविद्यालय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित हो रहा है, जिसका फायदा बेरोजगार युवाओं को मिलेगा। शिक्षक दीपक जोशी ने कहा कि हमारा राठ क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण है, हम बुरांश का जूस तैयार करके अच्छी आमदनी कमा सकते हैं। स्थानीय उद्यमी दरम्यान सिंह ने कहा कि तेजपत्ता एक पेंशन प्लांट के रूप में उभर रहा है, जो कि उत्तराखंड की आर्थिकी का महत्वपूर्ण श्रोत हो सकता है। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमा देवी, आनंद सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, दिनेश लाल, दिनेश रावत आदि शामिल रहे।