लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के अंतर्गत ईड़ा मल्ला गांव में 61 चीड़ के पेड़ काटने की इजाजत लेकर 82 पेड़ों पर आरी चलाने के मामले में वन विभाग ने दो ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। विभाग ने कटे हुए अतिरिक्त 21 पेड़ों की लकड़ी को बरामद कर आरोपियों के खिलाफ वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रेंज अधिकारी प्रदीप उनियाल ने बताया कि कोटद्वार रेंज के कण्वाश्रम बीट के अंतर्गत ईडा मल्ला गांव के नापखेत में 61 चीड़ के पेड़ों को काटने की इजाजत दी गई थी, लेकिन 18 फरवरी को इस अनुमति की आड़ में 82 पेड़ काट दिए गए। अनुमति से अधिक चीड़ के पेड़ काटने की शिकायत मिलते ही प्रभारी वनाधिकारी अमरेश कुमार के निर्देश पर टीम गठित कर अवैध कटान के मामले की जांच की गई। जांच में 61 पेड़ों की इजाजत की आड़ में 21 अन्य चीड़ के पेड़ों को काटने का मामला सामने आया। रेंज अधिकारी के अनुसार मौके पर से काटे गए अतिरिक्त पेड़ों की 122 डाट चीड़ की लकड़ी बरामद की गई है। सोमवार को अवैध कटान के मामले में पुष्कर सिंह निवासी ईडा मल्ला और सत्यपाल सिंह निवासी ग्राम कांडई तहसील कोटद्वार के खिलाफ वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।