कोटद्वार के लालपुर अंबीलाल मार्ग भागीरथी इंक्लेव कालोनी की खोदी गई सड़क।
- फोटो : KOTDWAR
लालपुर के अंबीलाल मार्ग स्थित भागीरथी एनक्लेव कालोनी में लोनिवि सड़क की खोदाई कर चलता बना। विभाग यहां पिछले दो महीने से टाइल्स बिछाने की बात कर रहा है, लेकिन टाइल्स बिछाने का कार्य शुरू नहीं होने के कारण यहां के लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही लोगों के वाहन घरों में खड़े रह गए हैं।
नगर निगम के वार्ड नंबर 19 लालपुर के अंतर्गत घराट रोड पर स्थापित भागीरथी एनक्लेव कालोनी के मार्ग के लिए जिला योजना के तहत बजट स्वीकृत किया गया था। लोक निर्माण विभाग दुगड्डा ने गत 15-16 मार्च को जेसीबी से सड़क की खोदई की और सड़क पर पत्थर डालकर चलता बना। तब से अब तक करीब दो माह पूरे होने के बाद भी विभाग मोहल्ले की खोदी गई सड़क की सुध नहीं ले रहा है। सड़क खुदी होने के कारण मोहल्ले के लोग वाहन नहीं निकाल पा रहे हैं। एसपी जदली, जय सिंह बिष्ट, देव किशोर कंडवाल, बिमला देवी, कविता देवी, रेनू बिष्ट, किरन रावत, अंजना, एसएस बिष्ट ने लोनिवि पर उनकी कालोनी की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि दो माह से मोहल्ले की सड़क खुदी हुई है। कई बेरोजगार युवकों ने लोन पर ई-रिक्शा लिया हुआ है, लेकिन सड़क खुदी होने के कारण ई-रिक्शा घर से सड़क पर नहीं आ पा रहा है। इमरजेंसी में फायर सर्विस और एंबुलेंस नहीं पहुंच पा रही है। कई बार विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने की मांग की लेकिन काम शुरू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कोटद्वार विधायक से मामले में विभाग के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
लालपुर में अंबीलाल मार्ग भागीरथी एनक्लेव कालोनी में टाइल्स बिछाने का कार्य स्वीकृत है। कालोनी में टाइल्स बिछाने के लिए सड़क खोदी गई है। जेई को टाइल्स बिछाने के निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - आकृति गुप्ता, सहायक अभियंता, लोनिवि दुगड्डा।