कोटद्वार। एसएसपी गढ़वाल लोकेश्वर सिंह ने कहा कि साइबर अपराध के उन्मूलन के लिए पुलिस टीमें सक्रियता से काम कर रही हैं। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए लोगों को भी जागरूक होना होगा। एसएसपी ने थाना परिसर में मीडिया से वार्ता में यह बात कही। इस मौके पर एसएसपी ने विभिन्न घटनाओं में गुम और चोरी हुए 104 मोबाइल रिकवर करवाकर लोगों को लौटाए।
एसएसपी ने कहा कि धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए जनपद पौड़ी गढ़वाल का पुलिस बल अलर्ट मोड पर है। इसके चलते साइबर और जमीन से संबंधित धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त लोगों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार कर लाया गया है। एक जनवरी से नौ अगस्त तक जनपद पौड़ी गढ़वाल में धोखाधड़ी के कुल 603 मामले लिखित तौर पर पुलिस के सामने आए। जांच के बाद इनमें 51 मामलों में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू करते हुए 59 लोगों की गिरफ्तारी कर कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक जनवरी से नौ अगस्त तक जनपद की साइबर सेल ने साइबर ठगी से संबंधित 62 मामलों में 36 लाख 51 हजार 975 रुपये की धनराशि पीड़ितों के खातों में लौटाई।
साइबर अपराध से निपटने के लिए पुलिस की कोशिशों के सवाल पर एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराध पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती है। अब यह मॉडर्न साइबर क्राइम का रूप ले चुका है। दरअसल हरियाणा, राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल की सीमाओं से साइबर गैंग संचालित हो रहे हैं। ये गैंग इतनी तेजी से काम करते हैं कि एक से दो महीने में ही स्वरूप बदल देते हैं। जिससे उन तक पकड़ बनाना बड़ी चुनौती हो जाती है, लेकिन पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने इस चैलेंज को स्वीकारा है और 62 मामलों में कार्रवाई कर धनराशि रिकवर की है। उन्होंने साइबर क्राइम से बचने के लिए आमजन के जागरूक होने और समय रहते पुलिस को सूचना देने की जरूरत बताई।
एसएसपी ने विभिन्न घटनाओं में गुम और चोरी हुए मोबाइल रिकवर कर थाना परिसर में उनसे संबंधित लोगों को दिए। इस मौके पर सीओ विभव सैनी, कोतवाल एमबी श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल एवं सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने थाने पहुंचकर एसएसपी का स्वागत करते हुए कई मुद्दों पर बात की।