कोटद्वार। एक बार फिर से सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन घंटों विलंब से चली। वहीं, रेलवे के एप व्हेयर इज माइ ट्रेन पर ट्रेन की सही जानकारी यात्रियों को नहीं मिलने से वे परेशान रहे। पिछले कुछ दिनों से बार-बार ये स्थिति बनने पर पौड़ी गढ़वाल और जनपद बिजनौर के कई स्टेशनों के यात्रियों की या तो ट्रेन छूट रही है या उन्हें घंटों परेशान होना पड़ रहा है।
दिल्ली से कोटद्वार के बीच संचालित सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार को साढ़े तीन घंटे विलंब से करीब पांच बजे कोटद्वार पहुंची। जबकि इसका यहां पहुंचने का समय दोपहर 1:30 बजे है और यहां से प्रस्थान का समय 3:55 बजे है। ट्रेन के देर से पहुंचने के कारण यह करीब छह बजे यहां से दिल्ली आनंद विहार के लिए रवाना हुई। जिससे रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेल यात्री निखिल कुमार चौहान, गोविंद प्रसाद, विवेक कुमार, सुभाष कुमार, रामदयाल, शराफत अली और कमल सिंह बिष्ट का कहना है कि ट्रेन के लेट होने से उन्हें गंतव्य पर पहुंचने में भी देरी हो रही है। उनकी आगे की ट्रेन के आरक्षण रद्द करवाने पड़ रहे हैं। कोटद्वार स्टेशन अधीक्षक आशीष बिष्ट ने बताया कि दिल्ली आनंद विहार से ही ट्रेन लेट चली है।