रेलवे प्रशासन ने कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच पूर्व में संचालित पैसेंजर ट्रेन के दोबारा संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है। आगामी पांच दिसंबर से पैसेंजर ट्रेन का संचालन होगा। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल प्रशासन की ओर से पैसेंजर ट्रेन की समय सारणी जारी कर दी गई है। नए समय सारणी के तहत पांच दिसंबर को नजीबाबाद से कोटद्वार के बीच चलने वाली इलेक्ट्रिक पैसेंजर ट्रेन 04387 प्रात: 8:55 बजे नजीबाबाद से चलकर 9:45 बजे कोटद्वार पहुंचेगी। वापसी में 04388 कोटद्वार से 10:10 बजे चलकर प्रात: 11 बजे नजीबाबाद पहुंचेगी। इसका एक मात्र स्टॉप जाफरा होगा।
21 मार्च, 2020 को कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए उत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से मसूरी एक्सप्रेस सहित कोटद्वार और नजीबाबाद के बीच संचालित पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद कर दिया था। कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने के बाद अक्तूबर, 2020 में मसूरी एक्सप्रेस का संचालन देहरादून, हरिद्वार बाया नजीबाबाद होते हुए शुरू किया गया, लेकिन मसूरी एक्सप्रेस का संचालन कोटद्वार से शुरू नहीं हो पाया।
इस बीच कोटद्वार से दिल्ली के लिए तीन मार्च, 2021 को रेल मंत्रालय ने सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया। रेल मंत्रालय ने छह माह के बाद गत 30 सितंबर को गढ़वाल एक्सप्रेस को बंद करने का फैसला लिया। रेलवे की ओर से गढ़वाल एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद करने से उत्तराखंड और मैदानी क्षेत्र के यात्रियों को महंगे किराए पर सफर करने के लिए विवश होना पड़ रहा था लेकिन अब कोटद्वार से नजीबाबाद के बीच पैसेंजर ट्रेन चलने से कोटद्वार के यात्रियों के साथ ही नजीबाबाद समेत मैदानी रूट के रेल यात्रियों को लाभ मिलेगा।
कोट
पांच दिसंबर से कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच पैसेंजर ट्रेन का संचालन होगा। रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन के संचालन के लिए समय सारिणी जारी कर दी गई है। ट्रेन में 1 जीएस और दो जीएसएलआर कोच होंगे। - मनोज रावत, स्टेशन अधीक्षक उत्तर रेलवे कोटद्वार।