कालागढ़ रिजर्व टाइगर (केटीआर) कार्यालय को कोटद्वार ले जाने का लोगों ने विरोध जताया। विभिन्न संगठनों ने केटीआर कार्यालय को कोटद्वार ले जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
आंदोलनकारी महिपाल ने बताया कि बुधवार रात नौ बजे कार्यालय का सामान एक ट्रक में लादे जाने की भनक लगते ही विभिन्न संगठनों के लोग केटीआर के कार्यालय में पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही कर्मचारी सामान से लदा ट्रक लेकर चले गए। लोगों ने बताया कि कालागढ़ रिजर्व टाइगर कार्यालय को कोटद्वार ले जाया जा रहा है जिसके तहत विभाग का 90 फीसदी सामान कोटद्वार ले जाया गया है। कंप्यूटर, मेजें तक कोटद्वार ले जाई गई हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव ज्योति रौतेला ने कहा कि डीएफओ किंशन चंद्र जिस तरह से कार्यालय का संचालन कोटद्वार से कर रहे हैं वह अनुचित है। कहा कि कार्यालय कोटद्वार ले जाने के कोई भी आदेश नहीं है। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष महिपाल सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष सौरभ नेगी, राजेश ध्यानी, संजय कन्नौजिया, लैंसडौैन होटल एसोसिएशन अध्यक्ष सलीम रहमान ने कार्यालय कोटद्वार ले जाने का विरोध किया। उन्होंने कार्यालय शिफ्ट होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं डीएफओ किशन चंद्र ने बताया कि फिलहाल कुछ समय के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर कार्यालय का कामकाज कोटद्वार से निपटाया जा रहा है। विभाग का ऑडिट चल रहा है, जिसके लिए फाइलें कोटद्वार ले जाई गई हैं।