कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बीएलओ के पद से सामूहिक इस्तीफा देकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड से उनके सामूहिक त्यागपत्र को स्वीकार करने की मांग की है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभागीय कार्य की अधिकता और समय की पाबंदी के कारण निर्वाचन आयोग द्वारा उन्हें सौंपे गए बीएलओ का कार्य करने में असमर्थता जताई है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एसडीएम सोहन सिंह सैनी के माध्यम से ज्ञापन भेजा। कहा कि विभागीय कार्य की अधिकता और समय की पाबंदी के कारण निर्वाचन आयोग द्वारा उन्हें सौंपा गया बीएलओ का कार्य करने में वे असमर्थ हैं। कहा कि वर्तमान में निर्वाचन संबंधी कार्यों में उत्तरोत्तर वृद्धि व समय की पाबंदी के कारण उनके विभागीय कार्य समय से पूर्ण नहीं हो पा रहा है, जिससे नियोक्ता विभाग की ओर से उनके मानदेय में कटौती कर दी जाती है और कई बार अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी जा रही है।
कहा कि कार्य की अधिकता व अन्य समस्याओं के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका और मिनी कार्यकर्ता संगठन के आह्वान पर सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बीएलओ पद से सामूहिक त्यागपत्र दे रही हैं। उन्होंने उनके त्यागपत्र को स्वीकार करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में बसंती रावत, रेखा नेगी, रोशनी ध्यानी, उषा देवी, रोशनी देवी, अनामिका चौधरी, सुनीता, माधुरी और लता पांडे आदि शामिल रहे।