कोटद्वार भाबर क्षेत्र में छाया कोहरा।
- फोटो : KOTDWAR
कोटद्वार-भाबर और सनेह क्षेत्र में कोहरा आने के साथ ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। घने कोहरे के कारण बाजारों में रौनक कम रही जबकि सड़कों पर यातायात भी कम रहा।
शुक्रवार शाम से ही क्षेत्र में कोहरा लगना शुरू हो गया था। रात को कोहरे ने पूरे कोटद्वार शहर, सनेह और निकटवर्ती भाबर के क्षेत्र को अपने आगोश में ले लिया। शनिवार सुबह जैसे ही लोग घरों से बाहर निकले, घने कोहरे ने उनकी कंपकंपी छुड़ा दी। सुबह छाए घने कोहरे के कारण सर्दी भी बढ़ गई है। कोहरे के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ी। लोगों को वाहन हेडलाइट जलाकर चलाने पड़े। सुबह करीब नौ बजे तक घना कोहरा रहा। इससे लोगों और स्कूली बच्चों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। व्यापारियों को ठंड से बचने के लिए हीटर और अलाव का सहारा लेना पड़ा। वहीं एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि गरीब, असहाय, श्रमिक और पशुओं को ठंड से बचाने के लिए नगर निगम को शहर के मुख्य चौराहों पर अलाव की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।