दो दिनों से हो रही बारिश के कारण सोमवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। दुगड्डा में खोह नदी अपने रौद्र रूप में रही जिसे देखकर नदी के तटवर्ती इलाकों में लोग अलर्ट रहे। कोटद्वार शहर में लोग जलभराव से परेशान रहे। कई जगह गदेरा उफान पर होने के कारण यातायात बाधित रहा।
सोमवार को सुबह से ही तेज बारिश होने के कारण क्षेत्र की मालन, सुखरो, पनियाली, तेलीसोत और खोह आदि नदियां उफान पर रहीं। बारिश के कारण जरूरी काम के लिए ही लोग घरों से बाहर निकले। तेज बारिश से कोटद्वार में एनएच समेत मुख्य मार्गों देवी रोड, जयानंद भारती मार्ग, पेंसिल फैक्ट्री मार्ग पर जल भराव की स्थिति बनी रही। जल भराव के कारण लोगों को पैदल आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दुगड्डा निवासी हरेंद्र सिंह रावत, मनमोहन कंडवाल, जगमोहन सिंह, उमेश शर्मा ने बताया कि सोमवार दिन में खोह नदी रौद्र रूप में बही। पुलिस की ओर से लोगों को नदी के किनारे जाने से रोका जाता रहा। भाबर रोड पर तेलीसोत गदेरा भी उफान पर रहा। यहां पर पुल न होने के कारण लोगों को रपटे पर जलस्तर कम होने का इंतजार करना पड़ा। चिलरखाल-लालढांग मार्ग पर पड़ने वाले सिगड्डीसोत और मैहली स्रोत उफान पर होने के कारण यातायात बाधित रहा। लालढांग निवासी नवीन चमोली ने बताया कि दिन में करीब बारह बजे नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण जीएमओयू की बसों की आवाजाही ठप हो गई। जलस्तर कम होने के बाद ही वाहनों का संचालन शुरू हो सकेगा।