एनएच पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच ढहे पुश्ते के पास से खतरे में गुजरता वाहन।
- फोटो : KOTDWAR
राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार से दुगड्डा के बीच बने आधा दर्जन डेंजर जोन दुर्घटना को न्योता दे रहे हैं। सड़क किनारे ढहे पुश्तों के पास से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन खतरे में गुजर रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत करने में सुस्त कार्यप्रणाली अपनाए हुए है।
बरसात में क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण एनएच पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच 15 किमी क्षेत्र में करीब आधा दर्जन स्थानों पर पुश्ते ढहने से खतरा बना हुआ है। पांचवें मील के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूटा हुआ है। मार्ग से पौड़ी जिले के करीब 10 ब्लाकों के लोग और देश के विभिन्न क्षेत्रों से पर्यटक लैंसडौन पहुंचते हैं। मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है।
प्रदीप बडोला, राकेश सिंह नेगी, मेहरबान सिंह, संदीप कुमार ने एनएच विभाग पर लोगों का जीवन खतरे में डालने का आरोप लगाया। कहा कि गत एक माह से कोटद्वार-दुगड्डा के बीच पांचवें मील पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूटा हुआ है। कई बार विभाग को पुश्ता की मरम्मत करने के लिए कहा गया है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी है। एनएच खंड के जेई अरविंद जोशी का कहना है कि पांचवें मील पर ढहे पुश्ते के निर्माण के लिए विभाग के पास बजट आ गया है। शीघ्र ढहे हुए पुश्तों की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।