कोटद्वार। विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने आक्रोश रैली निकालकर झंडा चौक में बांग्लादेश का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार से हिंदू परिवारों का नरसंहार तत्काल प्रभाव से रोककर उन्हें संरक्षण देने की मांग की। वहीं, भारत के प्रधानमंत्री से बांग्लादेश में हिंदुओं का नरसंहार रोकने के लिए हस्तक्षेप करने और उन्हें भारत में शरण देने की मांग की।
शनिवार को नगर में आक्रोश रैली निकाली गई। हिंदू पंचायती धर्मशाला पर एकत्र होकर बड़ी संख्या में नागरिक आक्रोश रैली में शामिल हुए। बांग्लादेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर प्रदर्शनकारी झंडा चौक पर पहुंचे। यहां कुछ देर धरना देकर बांग्लादेश सरकार और आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार का तख्ता पलट होने के बाद बने हालात का खामियाजा हिंदू परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। हिंदू नरसंहार के बीच बचे हिंदू परिवार आतंक के साये में जी रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल हिंदू समाज के लोगों ने बांग्लादेश में हिंदू परिवारों का कत्लेआम और मंदिरों को नुकसान पहुंचाने की घटना पर रोष जताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने और हिंदू परिवारों को संरक्षण देने और मंदिरों को नुकसान पहुंचने से रोकने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने झंडा चौक पर बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों में रैली संयोजक सौरभ नौडियाल, विहिप के जिलाध्यक्ष लोकपाल सिंह रावत, जिला मंत्री सचिन नेगी, विभागाध्यक्ष विपिन फूल, विहिप नगर अध्यक्ष मुकेश बहुखंडी, हार्दिक सिंह, बजरंग दल के जिला संयोजक मनोज शाह, नगर संयोजक हर्ष भाटिया के अलावा कुलदीप रावत, सौरभ नौटियाल आदि शामिल हुए। प्रदर्शन में विहिप, बजरंग दल के अलावा पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जय देवभूमि फाउंडेशन, महिला पतंजलि सहित विभिन्न सामाजिक संगठन शामिल रहे।