सतपुली थाने की दुधारखाल चौकी क्षेत्र के अंतर्गत सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मंगलवार देर शाम को सतपुली थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष सतपुली लाखन सिंह ने बताया कि मंगलवार को सतपुली थाने के दुधारखाल चौकी क्षेत्र की एक युवती ने तहरीर दी है। उसमें पीड़िता ने बताया कि उसकी सोशल मीडिया पर अमित सिंह नाम के एक युवक से दोस्ती हुई थी। युवक ने उसे रुद्रप्रयाग के सौंराखाल निवासी के रूप में परिचय दिया। सोमवार को उसने उसे सतपुली बुलाया, जहां से वह उसके साथ श्रीनगर गई। आरोप है कि श्रीनगर के एक होटल में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। श्रीनगर से लौटकर पीड़िता ने मंगलवार को आरोपी के खिलाफ सतपुली थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती को मेडिकल के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।