परिजनों के साथ फ्लाइंग ऑफिसर सौरभ बिष्ट।
- फोटो : KOTDWAR
जयहरीखाल ब्लाक के महरगांव असनखेत में खेती करने वाले किसान का होनहार बेटा नितेश खंतवाल अब भारतीय वायु सेना में फाइटर पायलट बनकर देश की सेवा करेगा। नितेश ने कड़ी मेहनत और लगन से भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर अपने परिवार और क्षेेत्र का नाम रोशन किया है। उसकी उपलब्धि पर गांव में जश्न का माहौल है।
नितेश के ताऊजी मदन मोहन खंतवाल ने बताया कि नितेश के पिता बृजमोहन खंतवाल गांव में खेती करते हैं जबकि माता समा देवी गृहणी हैं और बहन तनु खंतवाल जीआईसी असनखेत में 12वीं की छात्रा है। उन्होंने बताया कि नितेश ने प्राथमिक शिक्षा गांव के स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उसने केंद्रीय विद्यालय लैंसडौन से 12वीं और डीबीएस देहरादून से बीएससी की परीक्षा पास की। नेवी से सेवानिवृत्त दादाजी प्रेमलाल खंतवाल से उसे वायु सेना के अधिकारी बनने की प्रेरणा मिली और वह वायु सेना में अधिकारी बनने की तैयारी करने लगा। उसने रात दिन मेहतन करने के बाद वर्ष 2020 में एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एएफसीएटी) परीक्षा पास की और इसी वर्ष पहली ही बार में एसएसबी को भी पास कर दिया। इसके बाद उसने एयर फोर्स एकेडमी हैदराबाद से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद 18 दिसंबर को पासिंग आउट कर फ्लाइंग ऑफिसर के पदभार ग्रहण किया। वर्तमान में वह विदर कर्नाटक स्थित एयर फोर्स के बेस कैंप में फाइटर पाइलट के रूप में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि फ्लाइंग ऑफिसर बनने के बाद वह अपने दादा-दादी, माता पिता का आशीर्वाद लेने के गांव आया था। उसकी उपलब्धि पर पूरे गांव में जश्न का माहौल है। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
वर्दी के जुनून से मिली सौरभ को कामयाबी
कोटद्वार। पौड़ी जिले के पोखड़ा ब्लाक के ग्राम पंचायत पोखड़ा के मल्ली मीणा गांव के पूर्व सैनिक हर्षपाल सिंह बिष्ट का बेटा सौरभ बिष्ट भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बना है।
सौरभ के अफसर बनने पर उसके पैतृक गांव मल्ली मीणा में जश्न का माहौल है। सौरभ के पिता हर्षपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि वे हाल ही में सेना के गढ़वाल रेजीमेंट से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि सौरभ की माता दीपा बिष्ट गृहणी हैं। सौरभ का बचपन से ही पिता की वर्दी देखकर फोर्स में अधिकारी बनने का सपना था। उसने देहरादून से बीटेक करने के बाद वर्ष 2020 में एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (एएफसीएटी) परीक्षा पास करने के साथ ही एसएसबी की परीक्षा भी पास की। इसके बाद वह ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद एयर फोर्स एकेडमी में चला गया। 18 दिसंबर को सौरभ ने पासिंग आउट परेड पूरी होने के बाद फ्लाइंग ऑफिसर का पदभार ग्रहण किया है। पोखड़ा के पूर्व प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत, राजेंद्र प्रसाद भट्ट समेत जनप्रतिनिधियों ने सौरभ की कामयाबी को क्षेत्र का गौरव बताया। संवाद
फ्लाइंग ऑफिसर नितेश खंतवाल।- फोटो : KOTDWAR