कोटद्वार। वन विकास निगम पेंशनर वेलफेयर सोसाइटी की यहां हुई बैठक में प्रबंधन वर्ग पर पेंशनर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। पेंशनरों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन की ओर से उनके देयकों को जानबूझकर लटकाया जा रहा है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारी पेंशन संबंधी मामलों के लिए विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
सोसाइटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए रामरतन सिंह रावत ने पेंशनरों की समस्याओं को मुखरता से अधिकारियों के समक्ष उठाने की बात कही। संगठन के क्षेत्रीय मंत्री मोहन सिंह नेगी व सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि वन निगम के स्थानीय प्रभागीय प्रबंधकों और आहरण वितरण अधिकारियों द्वारा पेंशनर के वेतन विवरण तैयार करने में हीलाहवाली की जा रही है। जिससे पेंशनर के हितलाभ बाधित हो रहे हैं। प्रांतीय उपाध्यक्ष जगदीश जोशी ने कहा कि सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयकों को रोकने के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अशोक नेगी, एनएन पोखरियाल, सुरेश दर्शन गुसाईं, सोबन सिंह, बृजमोहन अमोली, पूर्णानंद पांडेय और एसएस सैनी आदि मौजूद रहे। संवाद