मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित कौड़िया के लोगों ने एएसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार करने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
रविवार को जनाधिकार मंच के बैनर तले कौड़िया के लोग अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने 28 फरवरी की रात को हुई मारपीट की घटना के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने के मामले मेें पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने पुलिस पर मारपीट के आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। कहा कि 28 फरवरी की करीब दस बजे रात को लालबत्ती चौक पर कौड़िया के युवक रोहित पर कातिलाना हमला किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर पुलिस 14 दिनों से महज कोरे आश्वासन दे रही है। चेतावनी दी कि आरोपियों कि गिरफ्तारी होने तक धरना-प्रदर्शन चलता रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में पीड़ित की बहिन शोभा देवी, सामाजिक संस्था जनाधिकार मंच के अध्यक्ष आशा राम, विजय सिंह रावत, नरेंद्र चौहान, मुन्नू, उमा देवी, राजो देवी, रवि कुमार, हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बजरंगी, राजेश जदली, गौरव कोटनाला आदि शामिल रहे।