कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयी फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में देहरादून महाविद्यालय ने राजकीय महाविद्यालय उत्तरकाशी को हराया।
उद्घाटन मुख्य अतिथि लैंसडौन के विधायक महंत दिलीप रावत ने किया। उन्होंने विभिन्न महाविद्यालय से आए हुए छात्रों को एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया, जिससे खेलों से जुड़कर ऊंचा मुकाम हासिल कर सकें। कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने सभी आगंतुक टीमों के छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें क्रीड़ा के विशेष पहलुओं को अवगत कराते हुए आशीर्वचन दिया।
महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हीरा सिंह ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया। उद्घाटन मैच डीडी कॉलेज देहरादून और राजकीय महाविद्यालय उत्तरकाशी के बीच खेला गया। निर्धारित समयावधि में दोनों ही टीमें एक-एक की बराबरी पर रहीं। पेनल्टी शूटआउट के जरिए देहरादून महाविद्यालय ने 4 -2 के अंतर से जीत हासिल की। दूसरे मैच में ऋषिकेश महाविद्यालय ने जयहरीखाल महाविद्यालय को 3-0 के अंतर से हराया।
तीसरे मैच में डोईवाला महाविद्यालय ने पुरोला महाविद्यालय को 3-0 के अंतर से हराया। चौथा मैच गोपेश्वर महाविद्यालय व हिमगिरी कॉलेज रुड़की के बीच हुआ। जिसमें गोपेश्वर महाविद्यालय ने 5-0 से जीत हासिल की। पांचवें मैच में हिमालय कॉलेज देहरादून ने अगस्त्यमुनि महाविद्यालय को 2-0 के अंतर से हराया। प्रतियोगिता में गढ़वाल मंडल की 14 महाविद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।