कोटद्वार के सिद्धबली मंदिर में सिद्धबाबा के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : KOTDWAR
श्री सिद्धबली बाबा मंदिर में वीकेंड पर रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह से ही सिद्धबाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने काफी इंतजार के बाद सिद्धबाबा के दर्शन कर मन्नतें मांगीं। वहीं वाहनों की भीड़ के कारण यहां जाम लग गया और पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों को कोटद्वार पुलिंडा मार्ग पर खड़ा कराया गया।
रविवार को अवकाश होने की वजह से सुबह से ही बड़ी संख्या में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से श्रद्धालु श्री सिद्धबली बाबा के दर्शन के लिए कोटद्वार पहुंचे। दर्शनार्थियों में सबसे अधिक संख्या यूपी के नजीबाबाद, नगीना, बिजनौर, बढ़ापुर आदि क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं की थी। वे सुबह आठ बजे से लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से वाहनों की पार्किंग फलाहारी बाबा मंदिर परिसर में कराई गई। यहां पार्किंग फुल होने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाने के लिए कार्बेट के रिसेप्शन सेंटर के पास ही बड़े वाहनों को रोक दिया। जबकि यूपी से पहुंची ट्रैक्टर-ट्रालियों को कोटद्वार पुलिंडा मार्ग पर खड़ा कराया गया। श्रद्धालु वहां से पैदल चलकर सिद्धबली मंदिर तक पहुंचे। दोपहर बाद तक मंदिर में बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। बाबा के दर्शन करने के बाद लोगों ने बाबा का भंडारा ग्रहण किया।