कोटद्वार। नशाखोरी, मानव तस्करी और साइबर क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए एएसपी डा. हरीश वर्मा ने शुक्रवार को स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों की बैठक ली। बताया कि नशाखोरी की बढ़ती प्रवृत्ति और बढ़ते साइबर क्राइम को रोकने के लिए स्कूल प्रशासन और अभिभावकों को भी पहल करने की जरूरत है। कहा कि पुलिस हर स्कूल में जागरूकता शिविर लगाएगी। जरूरत पड़ी तो स्कूल में अभिभावकों से भी संवाद स्थापित किया जाएगा। उन्होंने प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और प्रबंधकों से नशाखोरी और साइबर क्राइम रोकने के लिए सहयोग की अपील की।
अपर पुलिस अधीक्षक डा. हरीश वर्मा ने कहा कि नशाखोरी पर अंकुुश लगाने के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में नुक्कड़ नाटक, प्रोजेक्टर और बैठकों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया जाएगा। बच्चों को उन अपराधियों के बारें में भी बताया जाएगा, जो नशे के दलदल में फंसकर संगीन अपराधों को अंजाम दे देते हैं। कहा कि अभियान के तहत बैठकों में मानव तस्करी, यातायात के नियम, साइबर क्राइम से संबंधित जानकारियां भी स्कूली बच्चों को दी जाएगी। कहा कि साइबर क्राइम से संबंधित कई मामले प्रकाश में आ रहे हैं। इंटरनेट के जरिए एटीएम और फर्जी फोन कॉल से लोगों से पैसे की ठगी की जा रही है। बच्चों को साइबर क्राइम से दूरी बनाने के लिए जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जोधराम जोशी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यूएस जिमिवाल समेत कोटद्वार-भाबर क्षेत्र के स्कूलों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।