कोटद्वार। बालासौड़ में शनिवार को दिनदहाड़े हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पास के मकान में मजदूरी कर रहे एक श्रमिक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है।
एएसपी प्रदीप राय ने पत्रकारवार्ता में बताया कि 23 फरवरी को दिन के 11 बजे बालासौड़ निवासी भुवनेश्वरी देवी पत्नी स्व. गणेश सिंह अपने घर की कुंडी लगाकर नजदीक सड़क पर बाहर सब्जी लेने गई थीं। करीब 15 मिनट बाद वापस आने पर उनके घर का दरवाजा खुला हुआ था और कमरे में रखे संदूक का कुंडा भी टूटा हुआ था। इसमें रखे पैसे और जेवर चोरी होने की भुवनेश्वरी देवी ने पुलिस को तहरीर दी थी। एएसपी ने बताया कि तहरीर मिलते ही एसएसआई प्रदीप नेगी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और मामले की छानबीन शुरू की गई। छानबीन में महिला के घर के पास बन रहे एक मकान के श्रमिकों पर घटना को अंजाम देने का संदेह हुआ। इस पर मजदूरों से सख्ती से पूछताछ की गई। इसमें ग्राम डुंडा खेड़ी थाना नहटौर बिजनौर (यूपी) निवासी कुलवीर ने चोरी करने की घटना को स्वीकार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने के बादजीवानंदपुर तिराहा में रखा एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और चोरी की गईं दो सोने की अंगुठियां, एक जोड़े कान के टॉप्स, एक लौंग और 17250 रुपये नकद बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा आरोपी का सत्यापन नहीं कराने पर ठेकेदार देवेंद्र असवाल का पुलिस एक्ट में पांच हजार रुपये का चालान काटा गया है।
पुलिस टीम में एसएसआई प्रदीप नेगी, एसआई ओमप्रकाश, एसआई किशन शर्मा, डिंपल सिंह, आशीष, सतपाल शर्मा व कुलदीप शामिल थे।
-फोटो