कोटद्वार। सोमवार को कोटद्वार बाजार में दिन दहाड़े एक टप्पेबाज ने खरीदारी कर रहे एक युवक का पर्स चोरी कर उसमें रखी नकदी और एटीएम पर हाथ साफ कर दिया। कोतवाली पुलिस ने युवक की शिकायत पर टप्पेबाज को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का माल बरामद किया है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक मो. युनूस ने बताया कि सोमवार को सनेह निवासी मनमोहन सिंह बिष्ट पुत्र नरेंद्र सिंह बिष्ट पटेल मार्ग स्थित एक कपड़े की दुकान पर खरीदारी कर रहा था। इस दौरान एक युवक ने मनमोहन सिंह बिष्ट का पर्स चोरी कर लिया। इसमें दस हजार रुपये की नकदी और एटीएम कार्ड था। टप्पेबाज की जानकारी मिलने के बाद मनमोहन सिंह ने बाजार चौकी में मंगलवार को नामजद तहरीर दर्ज कराई। मंगलवार देर रात सीएसडी कैंटीन कोटद्वार के निकट पुलिस ने टप्पेबाज को गिरफ्तार कर लिया और उससे चोरी का माल भी बरामद कर लिया। एसएसआई मो. युनूस ने बताया कि गिरफ्तार टप्पेबाज की पहचान पटेल मार्ग निवासी अभिषेक प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने अभिषेक को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जिला कारागार भेज दिया है।