कोटद्वार। लालबत्ती चौराहे पर मंगलवार शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक व्यक्ति अपने ऊपर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास करने लगा। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे किसी तरह पकड़ा और थाने ले आए। पुलिस ने उसके परिजनों को बुलाकर बुधवार सुबह उनके सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति को जहरखुरानियों ने लूट लिया था। उसके पास घर जाने के लिए भी पैसा नहीं बचा था।
एसएसआई राकेंद्र कठैत ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली से कोटद्वार पहुंचे एक व्यक्ति ने लालबत्ती चौक पर हंगामा किया। वह खुदकुशी की बात कर अपने ऊपर बोतल से डीजल डालकर आग लगाने का प्रयास कर रहा था। उसे चौराहे पर मौजूद पुलिस फोर्स ने दबोच लिया और थाने ले आए। उसने अपना नाम कांडाखाल क्षेत्र के पट्टी लंगूर वल्ला के ग्राम ग्वीन बड़ा निवासी आशीष रावत बताया। बताया कि वह दिल्ली में एक होटल में काम करता है। मंगलवार को वह घर आने के लिए दिल्ली से बस में बैठा, लेकिन रास्ते में बदमाशों ने उसे कुछ खिलाकर उसका सारा सामान लूट लिया। कोटद्वार पहुंचकर जब उसके पास कुछ नहीं रहा, तो उसने आक्रोश में आकर आत्मदाह का प्रयास किया।