कोटद्वार। वकील सुशील रघुवंशी हत्याकांड का दो माह बाद भी कोटद्वार पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है। अब 14 और 15 दिसंबर को नई दिल्ली में सीबीआई लैब में इस हत्याकांड के नामजद आरोपियों का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराया जाएगा।
कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल ने बताया कि हत्याकांड में नामजद विनोद लाला, अमर सिंह, नवीन, बृजेश बेबनी और डब्बू को लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए अगले महीने दिल्ली सीबीआई लैब ले जाया जाएगा। सीबीआई ने कोतवाली पुलिस को लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए 14 और 15 दिसंबर की तिथि दी है।
उधर, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पंत ने कहा कि पुलिस प्रशासन को हत्याकांड का खुलासा करने के लिए दी गई अल्टीमेटम की तिथि खत्म हो गई है। शनिवार को अधिवक्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत से मिलकर उन्हें इस संबंध में झापन सौंपा।
पुलिस के हाथ दो माह बाद भी खाली
13 सितंबर की सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने वकील सुशील रघुवंशी की उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी थी। परिजनों की ओर से इस मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बावजूद इसके किसी आरोेपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। सर्विलांस में मिले बाहरी नंबरों में पुलिस की टीम गोल-गोल घूमकर वहीं पर पहुंच जा रही है जहां से जांच शुरू हुई थी।
कई लोगों से हो चुकी है पूछताछ
सुशील रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस करीब पौने तीन साल पहले कोटद्वार में हुए सुमित हत्याकांड के आरोपियों से भी पूछताछ कर चुकी है। पुलिस का मानना है कि हत्याकांड भूमि संबंधी विवाद के चलते ही हुआ है जिसमें वकील को मारने के लिए सुपारी दी गई है। यूपी के शॉर्प शूटर और बदमाश पुलिस के रडार पर हैं।