कोटद्वार। कोटद्वार-मेरठ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह कोटद्वार और नजीबाबाद के बीच जाफराबाद में बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
कोटद्वार कोतवाली के एसआई रवींद्र लिंगवाल ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पौने नौ बजे नजीबाबाद से कोटद्वार की ओर आ रही बाइक का पिछला टायर पंचर हो गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आ गई। नजीबाबाद से सवारियां लेकर आ रहे नजीबाबाद निवासी जीप चालक शहनवाज ने दोनों घायलों को यहां लाकर बेस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान विशाल राजपूत (26) पुत्र अशोक राजपूत निवासी मोहल्ला मकबरा, नजीबाबाद जिला बिजनौर यूपी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में दूसरे घायल आस मोहम्मद (25) पुत्र फारूक निवासी जोगीरामपुरा शादाबपुर जिला बिजनौर का कोटद्वार बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम करा दिया है। उन्होंने बताया कि विशाल और आस मोहम्मद भगवंत मान ग्लोबल यूनिवर्सिटी झंडीचौड़ में प्राध्यापक के रूप में कार्य करते हैं। दोनों बुधवार सुबह बाइक से विश्वविद्यालय आ रहे थे।