कोटद्वार। पुलिस ने एक वन दरोगा को युवती को छेड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने उसके साथ छेड़छाड़ की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई थी। कोर्ट ने उसे 14 दिन की पुलिस रिमांड पर पौड़ी जेल भेज दिया है।
एसएसआई राकेंद्र कठैत ने बताया कि 26 जनवरी की शाम को एक युवती अपने घर के पास सड़क पर टहल रही थी। तभी नशे की हालत में धुत उत्तर प्रदेश के वन विभाग में कार्यरत वन दरोगा कोटद्वार शिवपुर निवासी मयंक भट्ट ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर वन दरोगा वहां से नहीं गया और वह युवती का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गया। युवती के परिजनों ने वन दरोगा को किसी प्रकार वहां से खदेड़ा। उसी दिन शाम को युवती ने कोतवाली पहुंचकर वन दरोगा के खिलाफ तहरीर दी, जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया और वन दरोगा को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे पुलिस रिमांड पर 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।