कोटद्वार डांस प्रतियोगिता सीजन-4 में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में धमाल मचाया। 20 बच्चों ने अपनी प्रतिभा के बल पर देहरादून फिनाले के लिए जगह बनाई।
रविवार को बलूनी पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता के सीजन-4 का महिला उत्थान समिति की अध्यक्ष अनुकृति गुसाई और बलूनी क्लासेज की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोटद्वार समेत गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं हैं। जरूरत है उन्हें नई दिशा दिखाने और तराशने की। बलूनी क्लासेज की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज ने प्रतिभागियों में जोश भरा। प्रतियोगिता के जज मनोज और अक्षित की ओर से दिए गए अंकों के आधार पर कार्यक्रम के संयोजक विपिन रावत ने कोटद्वार के 20 बच्चों का चयन देहरादून फिनाले के लिए किया।
इस अवसर पर भाजपा भाबर मंडल महामंत्री गौरव जोशी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सौरव नौटियाल, सिमरन बिष्ट, प्रकाश बलोधी, सुनील, बबीता आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र कौर ने किया।