लकड़ी पड़ाव क्षेत्र में तीन दिन के बाद एक बार फिर चोरों ने एक और बाइक पर हाथ साफ कर दिया है। बाइक के मालिक ने बाजार चौकी में तहरीर दी है।
लकड़ी पड़ाव निवासी बाइक स्वामी महफूज आलम पुत्र स्व. महमूद हुसैन ने बताया कि शुक्रवार रात को करीब 12 बजे वह लकड़ी पड़ाव स्थित अपने घर के बाहर बाइक खड़ी कर सो गए थे। शनिवार सुबह छह बजे जब वे घर से बाहर आए तो वहां बाइक नहीं मिलने पर दंग रह गए। उन्होंने बाइक चोरी होने की तहरीर बाजार चौकी में दी। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और नजदीक मुस्लिम फंड कार्यालय की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसमें रात के करीब डेढ़ बजे चोर बाइक का लॉक खोलकर पहले बाइक को धकेलते हुए कुछ दूरी तक ले गया और वहां स्टार्ट कर बाइक लेकर फरार हो गया।
लकड़ी पड़ाव के पार्षद नईम अहमद ने बताया कि मंगलवार रात को उनके घर के बाहर से उनके भाई सादाब की बाइक चोरी हो गई थी। तीन दिन के बाद एक बार फिर से बाइक चोरी होने की घटना से लोगों में रोष है। वहीं बाजार चौकी प्रभारी एसआई सुनील पंवार का कहना है कि शुक्रवार रात को लकड़ी पड़ाव से बाइक चोरी होने की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।