बैजरो। भालू ने एक महिला पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल में भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार सुबह करीब 10:00 बजे की बताई जा रही है।
तहसील बीरोंखाल के ग्राम शेरा थापला निवासी महिला हीरा देवी (32) पत्नी रघुवीर सिंह पर भालू ने सोमवार सुबह उस समय हमला कर दिया, जब वह गांव से पास के गदेरे में घास काट रही थी। बीरोंखाल अस्पताल के प्रबंधक बीरेंद्र सिंह ने बताया कि हीरा देवी जब घास काटते हुए घराट के नजदीक पहुंची, तो घराट के अंदर बैठे भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। घटना के समय हीरा देवी ने सूझबूझ का परिचय दिया। मुंह को जमीन से सटाते हुए हीरा देवी पेट के बल लेट गई। भालू ने उसके सिर व हाथ को घायल कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर नजदीक जसपुर गांव के ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू चला गया। तब तक महिला गंभीर घायल हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से घायल हीरा देवी को परिजन बीरोंखाल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। महिला के सिर और कान के पास 28 टांके लगे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि घायल का उपचार चल रहा है, अब वह खतरे से बाहर है। संवाद