कोटद्वार। हेमनदास सरस्वती शिशु मंदिर जानकी नगर में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विज्ञान मॉडल प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।
शनिवार को विद्यालय परिसर में प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रदीप नौटियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिक्षिका कीर्ति द्विवेदी की देखरेख में लगी प्रदर्शनी में बच्चों ने क्रियाशील मॉडल प्रस्तुत कर बौद्धिक क्षमताओं का प्रदर्शन किया। क्रियाशील विज्ञान मॉडल्स में वर्षा जल संचयन, सौर मंडल, वायु प्रदूषण, ड्रोन कैमरा आदि मॉडल शामिल रहे। शिक्षिका कीर्ति द्विवेदी ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी से विज्ञान और प्रौद्योगिकी में विद्यार्थियों की रुचि और उनके अंतर्मन में छिपी प्रतिभा को बढ़ती है। शिक्षक अंचल कुमार ने भविष्य में विज्ञान प्रदर्शनी को और विस्तृत रूप देने की बात कही। प्रधानाचार्य प्रदीप नौटियाल ने मॉडल प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को शाबाशी दी। आयोजन में योगेश नेगी, प्रयागदत्त चमोली, सुनीता पंत, गीता रावत, अंजलि कंडवाल, अंजु चमोला, पूजा चतुर्वेदी, श्रेया चौधरी और हेमा पांडेय आदि उपस्थित रहे।