बार एसोसिएशन कोटद्वार के वार्षिक चुनाव अब सात अगस्त को होंगे। मतदान 7 अगस्त को प्रात: 9:00 बजे से 1:00 बजे तक बार एसोसिएशन के तहसील परिसर स्थित विधि भवन में होगा। इसी दिन 2 बजे के बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
बार एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी अमित सजवाण और सहायक चुनाव अधिकारी अनुज भट्ट ने बताया कि बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की प्रक्रिया बीते अप्रैल माह में शुरू की गई थी, लेकिन इस बीच कोविड संक्रमण के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए। नामांकन, जांच और अन्य प्रक्रियाएं पूर्व में हो चुकी हैं। बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अजय पंत और आशुतोष देवरानी, उपाध्यक्ष पद पर शोभा बहुगुणा भंडारी व सुनील डोबरियाल, सचिव पद पर रश्मि चंदोला जोशी, अरविंद चौधरी और पंकज चमोली, कोषाध्यक्ष पद पर हुकुम सिंह और रजनीश रावत चुनाव मैदान में हैं। सह सचिव पद पर एक मात्र नामांकन रहने से कृष्ण कुमार भारद्वाज का निर्विरोध निर्वाचन तय है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव कराने के लिए बार एसोसिएशन की ओर से तहसील प्रशासन से अनुमति प्राप्त कर ली गई है। चुनाव के लिए बार काउंसिल उत्तराखंड की भी अनुमति प्राप्त हो गई है। चुनाव बार काउंसिल के दो पर्यवेक्षकों की देखरेख में होगा।