कोटद्वार/बैजरो। रिखणीखाल ब्लॉक के जेठा गांव (पाणीसैंण) में 11 केवी लाइन की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची रिखणीखाल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। कोटद्वार में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। किशोर मवेशियों को चराने के लिए गांव के पास के जंगल में गया था।
जेठागांव निवासी रंजन रावत ने बताया कि आकांशु (16) पुत्र राजपाल सिंह रावत इंटर में पढ़ता था। रविवार शाम को वह गांव के समीप ही जंगल में गाय चराने गया हुआ था। शाम को छह बजे के करीब सभी गायें चरकर घर लौट गईं, लेकिन आकांशु घर नहीं पहुंचा। उसके फोन पर संपर्क करने पर भी जब उसका फोन नहीं उठा तो ग्रामीणों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान वह गांव के समीप ही जंगल में 11 हजार केवी लाइन की तार से चिपका हुआ मिला। उन्होंने बताया कि तार ढीला होने के कारण जमीन से चार पांच फीट ऊंचाई पर लटक रहा था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। माता-पिता और सभी रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अकरम ने बताया कि सूचना मिलते ही रिखणीखाल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सोमवार को कोटद्वार में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में मुक्तिधाम कोटद्वार में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
रिखणीखाल की पूर्व प्रमुख पिंकी नेगी ने कहा कि क्षेत्र में अव्यवस्थाओं का आलम है। कई गांवों में बिजली की तारें झूल रही हैं और पोल हवा में लटक रहे हैं। इसका खामियाजा आमजनता को भुगतना पड़ रहा है।
11 केवी लाइन का इंसुलेटर टूटने के कारण तार ढीला होने के कारण झुक गया है। तार की चपेट में आने से रविवार शाम को एक किशोर की मौत हो गई। प्रभावित परिवार को 80 हजार रुपये की अहेतुक राशि दे दी गई है। अवशेष 3 लाख 20 हजार रुपये की धनराशि विभागीय कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी।
-नवीन मैंदोला, एसडीओ जयहरीखाल/रिखणीखाल