कोटद्वार/दुगड्डा। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश से सड़कों के बाधित होने का सिलसिला जारी है। दुगड्डा, लैंसडौन, बैजरो, सतपुली क्षेत्रों में 28 ग्रामीण संपर्क मार्ग बाधित हैं। जिससे यहां के ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए कई किमी पैदल चलकर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ रहा है। पीएमजीएसवाई का आमसौड़ जमरगड्डी तक का दो किमी मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त पड़ा है। जिसे ठीक करने के लिए कार्यदायी एजेंसी को बजट की दरकार है।पीएमजीएसवाई की सड़कों में नौगांव से बुकंडी संपर्क मार्ग, मस्टखाल से सीलाडांडा, खरीक मोटर मार्ग, मंजोखी मोटर मार्ग, व्यासी रौली कुनेथ मोटर मार्ग, धांधणखेत से ग्वारी मोटर मार्ग और दुगड्डा के आमसौड़ से जमरगड्डी ग्रामीण मार्ग कई स्थानों पर मलबा आने, पुश्ता टूटने और धंसने से बाधित पड़े हैं। आमसौड़ निवासी कुंदन सिंह, गणेश जुयाल व इंद्रमोहन का कहना है कि पांच किमी जमरगड्डी मार्ग पर केवल तीन किमी तक ही आवाजाही हो रही है। दो किमी मार्ग पिछले साल से ही ध्वस्त पड़ा है। रही सही कसर इस बरसात में पूरी हो गई है।
लैंसडौन में द्वारी भौन मार्ग, कांडी चमाडा संपर्क मार्ग, ढिमकी संपर्क मार्ग, गैंडखाल ढांसी कटघर मार्ग, नैनीडांडा-शंकरपुर मार्ग, थानखाल भलगांव संपर्क मार्ग भी कई जगह पर मलबा आने से बाधित हो गया है। दुगड्डा क्षेत्र में लोनिवि की पौखाल दूणी मांडई सड़क, हनुमंती चंडा मांडई, चांदपुर झुंडई समेत चार संपर्क मार्ग बंद पडे़ हैं। इसी तरह बैजरो बीरोंखाल क्षेत्र में थलीसैंण-बूंगीधार-देघाट मार्ग, मर्चूला राज्य मार्ग, कमलिया लिंक मार्ग, मटेला तल्ला, चौंडा मैखुली, बूंगीधार से स्यूंसीसाल, मैखुली-देवराड़ी, बीरोंखाल से नौलापुर व स्यूंसी आमकुलाऊं मार्ग बाधित पडे़ हैं। बीरोंखाल के प्रमुख राजेश कंडारी, विष्णु सिंह रावत, यशवंत सिंह का कहना है कि बरसात ने सड़कों की सूरत बिगाड़ कर रख दी है। लोनिवि से बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलकर यातायात शुरू कराने को कहा गया है। लोनिवि अधिकारियों का कहना है कि पुश्ता निर्माण के लिए अलग से बजट की डिमांड की गई है। फिलहाल जेसीबी लगाकर सड़कों को खोला जा रहा है। स्थायी प्रकृति के काम बरसात थमने के बाद ही हो सकेंगे।