कोटद्वार। कोटद्वार के विक्टोरिया क्रास गबर सिंह कैंप में आयोजित सेना भर्ती रैली के छठे दिन चमोली जिले के जोशीमठ, कर्णप्रयाग, थराली और गैरसैंण तहसील के 4146 युवाओं ने भर्ती होने के लिए दौड़ लगाई। इसमें से 3510 दौड़ से बाहर हो गए और 636 युवाओं ने निर्धारित समय में दौड़ पूरी कर भर्ती की पहली सीढ़ी पार की।
रविवार को सेना भर्ती निदेशक कर्नल आरएस चट्ठा के निर्देशन में कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप में रात के दो बजे चमोली जिले की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। भर्ती के लिए चमोली के 4734 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, लेकिन मैदान तक 4146 युवा ही पहुंचे। सुबह करीब छह बजे दौड़ प्रारंभ हुई। करीब 100 से 200 के ग्रुप में युवाओं को मैदान के चार चक्कर (1600 मी) दौड़ कराई गई। इसके राउंड वन और राउंड टू में दौड़ पूरी करने वाले 636 युवाओं का चयन भर्ती की अगली प्रक्रिया के लिए किया गया। शारीरिक परीक्षण के दौरान कई युवा छाती की चौड़ाई कम होने और कई निर्धारित ऊंचाई तक नहीं पहुंचने के कारण भर्ती से बाहर हो गए। इसके बाद चयनित युवाओं का मेडिकल कराया गया।
आज होगी इस क्षेत्र की भर्ती
कोटद्वार के कौड़िया स्थित गबर सिंह कैंप में नौ अप्रैल को रुद्रप्रयाग जिले की ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग और जखोली तहसील की भर्ती होगी। रात के दो बजे से युवाओं को भर्ती कैंप में प्रवेश कराया जाएगा।
-फोटो