कोटद्वार। उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता ने 30 नवंबर से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय श्री सिद्धबली बाबा जयंती मेले को लेकर मंदिर समिति के पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को एनएच और मंदिर परिसर में बिजली व पानी की व्यवस्था करने के साथ ही मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
तहसील सभागार में आयोजित बैठक में मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सिद्धबली मंदिर से लेकर नगर तक एनएच पर कई स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। उपजिलाधिकारी ने नगर निगम प्रशासन को स्ट्रीट लाइट के साथ ही मेले के दौरान मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संस्थान को मेले के तीनों दिन पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही टैंकर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों की मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति बहाल रखने के निर्देश दिए। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि विगत दो दिन से हाथी मंदिर के आसपास मंडरा रहा है, जिससे मेले के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उपजिलाधिकारी ने वन विभाग को सिद्धबली मंदिर के पास वन कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों को मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर परिवहन कर अधिकारी प्रथम शशि दुबे, एसडीओ लैंसडौन वन प्रभाग गिरीश चंद्र बेलवाल, एसडीओ यूपीसीएल राकेश कुमार सिंह, एसआई विनोद कुमार, कनिष्ठ अभियंता जल संस्थान प्रीति, ओमवीर सिंह, सिद्धबली मंदिर समिति के अध्यक्ष कुंज बिहारी देवरानी, मेला समिति के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, प्रेम सिंह, विवेक कुमार अग्रवाल, रवींद्र जजेड़ी, धर्मवीर गुसाईं व सुनील कुमार गोयल आदि मौजूद रहे।
-फोटो