भगवान शिव के महापर्व के मौके पर पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी गई। कपाट शुभलग्नानुसार नौ मई को खुलेंगे।
सोमवार को सुबह ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पंचाग गणना के बाद यह शुभ तिथि निकाली गई। ग्रीष्मकाल के लिए केदारनाथ के कपाट आगामी नौ मई को मंत्रोच्चारण के साथ सुबह सात बजे आम दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।
महाशिवरात्रि के पर्व पर पंडित ने पंचाग गणना के आधार पर यह तिथि निकाली। पंडितों, वेदपाठी एवं मंदिर समिति के पदाधिकरियों की मौजूदगी में पंचाण गणना से तिथि घोषित की गई।
विदित हो कि परंपरा के अनुसार भगवान आशुतोष के 11वें ज्योर्तिलिंग के कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि और बंद होने की तिथि भैयादूज के पर्व पर घोषित की जाती है।