हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में तीन मंजिला फ्लैट में आग लग गई। आग से बचने के लिए युवक नीचे कूद गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पत्नी और बच्चे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। जांच में सामने आया कि हीटर से बेड की प्लाई में आग लगी और फैलती चली गई।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब ढाई बजे कंट्रोल रूम से पुलिस को सूचना मिली कि नक्षत्र वाटिका निकट रानीपुर झाल ज्वालापुर भूमानंद अस्पताल के पीछे एक कॉलोनी में बने तीन मंजिले फ्लैट में आग लग गई है और एक व्यक्ति नीचे कूद गया। सूचना पर कोतवाल प्रदीप बिष्ट को टीम के साथ मौके पर भेजा। दमकल विभाग की टीम भी पहुंच गई और आग पर काबू पाया।
नीचे कूदने से घायल मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ सोनू सिंह (36) पुत्र श्यामवीर सिंह निवासी नक्षत्र वाटिका फ्लैट नंबर 57 निकट रानीपुर झाल को अस्पताल में भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी कमर, कूल्हे, सीने और अन्य जगहों की हड्डी फ्रैक्चर हो गई थी। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जांच में पता चला कि कमरे में जल रहे हीटर से बेड की प्लाई में आग लगी और फिर बढ़ती चली गई। आग से कमरे में रखा सामान जलकर राख हो गया। मृतक प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था।
-
पत्नी और बच्चे ने भागकर बचाई जान
पुलिस के मुताबिक मानवेंद्र प्रताप सिंह के कमरे में पालतू कुत्ता भी सो रहा था। अंदर ही आग की चपेट में आने से कुत्ते की भी मौत हो गई। वहीं, उसकी पत्नी सोनी सिंह और 10 वर्षीय पुत्र दूसरे कमरे में सो रहे थे। आग लगने पर दोनों ने सीढ़ी से भागकर अपनी जान बचाई। मानवेंद्र बालकनी के पास वाले कमरे में सोये हुए थे। आग लगने पर उन्हें भागने का मौका नहीं मिला।