ट्रैवर्ल्स व्यापारियों के हंगामे के दौरान महिला की हालत बिगड़ी ।
- फोटो : HARIDWAR
बाहरी राज्यों की गाड़ी पकड़ने के हंगामे के दौरान एक महिला यात्री की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद हंगामा कर रहे ट्रेवल कारोबारियों के हाथ-पैर फूल गए। कारोबारियों ने महिला यात्री और जिस टेंपों में महिला सवार थी, उसे छोड़कर पीछा छुड़ाया। महिला के परिजन उसकी हालत को देखते हुए उसे अस्पताल लेकर पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद यात्रा के लिए रवाना हो गए।
कोरोनाकाल के दो साल बाद शुरू हुई चारधाम यात्रा में बाहरी राज्यों से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में यात्री चारधाम यात्रा पर दो पहिया वाहनों, कार समेत चौपहिया वाहनों से जा रहे हैं। ऐसे में बाहरी राज्यों के वाहन भी अपना रजिस्ट्रेशन कराने के बाद यात्रियों को लेकर जा रहे हैं। बुधवार को यूपी के बागपत का एक टेंपो-ट्रेवलर यात्रियों को लेकर जा रहा था। इन ट्रेवलर को टेंपो एसोसिएशन के अधिकारियों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे पकड़कर सिटी मजिस्ट्रेट ऑफिस में ले आए। यहां पर ट्रेंपो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हो हल्ला शुरू किया तो टेंपो में सवार एक महिला यात्री की तबीयत हंगामे के चलते बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों ने महिला को तुरंत ही पानी पिलाया। वहीं महिला की हालत बिगड़ती देखकर हंगामा कर रहे व्यापारियों के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने आनन-फानन में महिला के परिजनों से उसे वहां से ले जाने को कहा। इसके बाद महिला के परिजन उसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के लिए लेकर पहुंचे।