एक महिला ने पति को चाय में पारा डालकर पिलाकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़ित की गुहार पर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पति का आरोप है कि पत्नी रातभर मोबाइल पर किसी व्यक्ति से बात करती है।
रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के मुताबिक इकरार निवासी दादूपुर गोविंदपुर ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका निकाह निसात अंजुम के साथ वर्ष 2012 को ग्राम कुन्हारी स्थित स्जिद में चार गवाहों के समक्ष हुआ था। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी के पहले पति की मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि निकाह के कुछ समय पश्चात निसात ने उसके और उसकी मां के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया था। इसके साथ ही उसकी पत्नी ने 2018 में उसकी मां को घर से निकाल दिया था।
पीड़ित का कहना है कि कुछ समय पश्चात उसकी पत्नी निसात अंजुम की आंगनबाड़ी में नौकरी लग गई। आरोप है कि उसकी पत्नी के किसी युवक से दोस्ती हो गई। जिसके बाद वह रातभर उससे फोन पर बात करने लगी। पीड़ित ने कई बाद पत्नी केे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। आरोप है कि 1 दिसंबर को शाम को साढ़े सात बने पत्नी ने उसे चाय पीने के लिए दी। जिसके बाद उसकी तबियत खराब हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बताया कि चाय में पारा मिला हुआ था। पीड़ित का कहना है कि पुलिस से शिकायत की। मगर जब पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।