एसएमजेएन पीजी कालेज में सोमवार को हुए छात्र संघ चुनाव में एसआरजी (स्टूडेंट रिव्यूलेशन ग्रुप) के नवजोत वालिया अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। नवजोत ने एनएसयूआई के विवेक दत्त को एक वोट से हराया। वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कार्तिक गुप्ता ने हिमांशु सैनी को पराजित कर जीत हासिल की। जबकि सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर बराबर मत पड़ने के कारण नतीजे लाटरी सिस्टम से निकाले गए। उपाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पद पर एक-एक प्रत्याशी होने पर चुनाव निर्विरोध हुआ। देर शाम चुनाव परिणाम जारी होने के बाद नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। विजयी पदाधिकारियों ने ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जुलूस निकाला।
कालेज में कक्षा प्रतिनिधियों के 23 पदों के लिए कुल 49 छात्रों नामांकन किया था। जिनमें एक नामांकन खारिज हो गया था। दो कक्षाओं से सीआर के लिए केवल एक-एक प्रत्याशी के नामांकन करने के चलते केवल 21 कक्षा प्रतिनिधियों के लिए सोमवार की सुबह 08:30 बजे मतदान शुरू हुआ। दोपहर 12:30 बजे तक मतदान के बाद मतगणना हुई। विजयी कक्षा प्रतिनिधियों ने दोपहर लगभग तीन बजे कार्यकारिणी के लिए नामांकन कराया। इनमें एनएसयूआई की तरफ से विवेक दत्त और एसआरजी ने नवजोत वालिया को चुनाव मैदान में उतारा। पांच बजे कार्यकारिणी के लिए मतदान कराया गया। शाम करीब साढ़े छह बजे मतगणना शुरू हुई।
मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एसके कुलश्रेष्ठ की ओर से जारी चुनाव परिणाम के मुताबिक अध्यक्ष पद पर नवजोत वालिया को 12 और विवेक दत्त को 11 मत प्राप्त हुए। सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पद पर दोनों प्रत्याशियों को 11-11 मत मिलने के कारण लाटरी सिस्टम से नतीजे निकाले गए। जिसमें सचिव पद दीपक कुमार, सहसचिव समीक्षा चौधरी और कोषाध्यक्ष का पद अविनाश के हिस्से आया। वहीं उपाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य पद पर क्रमश: आयुषी सिखौला और प्रियंका सैनी एकल प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध चुन लिया गया। जबकि कार्यकारिणी सदस्य के तौर पर वर्षा रानी, श्वेता, विन्नी, सारिका, राधेश्याम पटेल और श्रेय शर्मा विजयी रहे।
चुनाव कालेज प्रबंधन समिति की ओर से महंत रामानंद पुरी आदि कई प्रमुख संतों और प्राचार्य डा. अवनीत कुमार घिल्डियाल की देखरेख में संपन्न हुआ। मतगणना और चुनाव परिणाम जारी कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एसके कुलश्रेष्ठ के साथ सुनील कुमार बत्रा, डा. संजय माहेश्वरी, डा. तेजवीर सिंह तोमर, डा. सरस्वती पाठक, डा. नलिनी जैन, डा. जेसी आर्य, विनय थपलियाल, डा. सुषमा नयाल, डा. धर्मेंद्र कुमार आदि ने सहयोग दिया। परिणाम जारी होने के तुरंत बाद प्राचार्य कार्यालय में ही कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई।