राज्य आंदोलनकारियों ने जंगली जानवरों से सुरक्षा की मांग उठाई
- फोटो : amarujala
प्रदेश में जल रही वन संपदा को बचाने और जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान आंदोलनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के देवपुरा स्थित कार्यालय पर जबरदस्त प्रदर्शन किया।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी पांडे के नेतृत्व में देवपुरा स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर पहुंचे आंदोलनकारियों ने कहा कि पहाड़ों में जंगल जल रहे हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से आग पर काबू पाने के लिए कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जंगली जानवर भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसके विरोध में आठ मई को गांधी पार्क देहरादून में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा जिसमें उत्तराखंड क्रांति मंच कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। प्रदर्शन करने वालों में विजय भंडारी, मीरा रतूड़ी, रामदेव मौर्य, जगमोहन नेगी, शमशेर खान, आनंद सिंह, विजय खंडूरी, प्रदीप गुसाईं आदि थे। वहीं दूसरी ओर पानी की किल्लत से जूझ रहे चंडीघाट बस्तीवासियों ने जेपी पांडे की अगुवाई में सिटी मजिस्ट्रेट और जल निगम के कार्यालय में प्रदर्शन कर धरना दिया। बस्तीवासियों की मांग पर पेयजल निगम के अधिकारियों ने चंडीघाट में जून तक हैंडपंप लगाने का आश्वासन दिया।
मौके पर नीलम, बबली, अंजू, नेहा, लाडो, राहुल, अर्चना, सूरज मैना, शाहबुद्दीन, रामकुमार, मीना, कुसुम, कबीर, उर्मिला आदि थे।