हरिद्वार। हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में कोलकाता से हरिद्वार गांजा लेकर आ रहे दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से 17 किलो गांजा भी बरामद किया गया है। जीआरपी, आरपीएफ व एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए तस्करों को पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
एएसपी जीआरपी मनोज कत्याल के मुुुुताबिक मादक पदार्थों के अवैध व्यापार को रोकने के लिए समय-समय पर ड्रग जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सोमवार को राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल व जनपद की एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि रेलवे स्टेशन ज्वालापुर पर दो युवक कोलकाता से गांजा लेकर आ रहे हैं। इस पर हिमांशु पुत्र संतराम व सचिन पुत्र शोभाराम निवासी आर्यनगर चौक पीर वाली गली कोतवाली ज्वालापुर को पकड़ा गया। उनके पास मिले बैग की चेकिंग की गई तो हिमांशु के बैग से दो किलो व सचिन के बैग से 15 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। पुलिस टीम में जीआरपी थाना प्रभारी अनुज सिंह, एसआई प्रदीप राठौर सीआईयू, आरक्षी संदीप बुड़ाकोटी, अमित शर्मा, ओम प्रकाश, आरपीएफ के एएसआई महिपाल सिंह, आरक्षी सतीश, फरमान, एसओजी प्रभारी रणजीत सिंह तोमर, सुंदर लाल, अजय, मनोज और हरवीर मौजूद रहे।