फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आप कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक, थमाई चूड़ियां

विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के खिलाफ रैली निकालते आप पार्टी के कार्यकर्ता । - फोटो : HARIDWAR
विज्ञापन
हरिद्वार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास का घेराव करने जा रहे आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की सोमवार को पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने उनको मदन कौशिक के आवास पहुंचने से पहले ही रोक लिया। इससे गुस्साए आप कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चूड़ियां थमाते हुए जमकर नारेबाजी की और वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए। इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए उनके साथ बदसलूकी करने वाले भाजपाइयों की गिरफ्तारी की मांग की।
विज्ञापन

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को ज्वालापुर आर्यनगर चौक पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली घोषणा के गारंटी कार्ड भरवाने का कार्यक्रम किया था। आरोप है कि कार्यक्रम में कुछ भाजपाई पहुंचे और उन्होंने वहां लगाई कैनोपी फाड़ दी और आम आदमी पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हेमा भंडारी के साथ अभद्रता की। इसके विरोध में ही सोमवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पैदल मार्च करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के आवास का घेराव करने पहुंचे। चंद्राचार्य चौक से पैदल मार्च शुरू कर कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के खन्ना नगर स्थित आवास के लिए पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनको पहले ही रोक लिया। इस बीच आप कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक हुई। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पुलिस कर्मियों को चूड़ियां थमा दीं और वहीं सड़क पर बैठ गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इशारों पर आप कार्यकर्ताओं के साथ बदतमीजी हुई है। भाजपा को अपनी जमीन खिसकती नजर आने लगी है। इससे उसके कार्यकर्ता बौखलाहट में तानाशाही पर उतारू हो गए हैं। आप नेताओं ने कहा कि जब सांसदों और विधायकों का बिजली की मुफ्त सुविधा मिल सकती है तो जनता को क्यों नही। आप नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से अभद्रता करने वालों के खिलाफ शिकायत की गई है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी मिश्रा, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष हेमा भंडारी, जिला अध्यक्ष अमित विश्नोई, जिला सचिव अनिल सती, जिला संगठन मंत्री नवीन मारया, रघुवीर सिंह पंवार, प्रदेश उपाध्यक्ष शरीक अफरोज, नरेंद्र चौधरी, मनोज द्विवेदी, नवीन कौशिक, प्रशांत राय, शिशुपाल सिंह नेगी, सुरेंद्र शर्मा, मोदीन अब्बासी और रविंद्र मौजूद रहे।
विज्ञापन

--
‘चूड़ियां महिलाओं का गहना, उनकी कमजोरी नहीं’
आप कार्यकर्ताओं की ओर से पुलिस को चूड़ियां देने की चौतरफा आलोचना शुरू हो गई है। डीपीएस की साइक्लोजिस्ट डॉ. ऋचा आर्य का कहना है कि चूड़ियां महिलाओं का गहना है, उनकी कमजोरी नहीं, लेकिन पुरुष प्रधान समाज में चूड़ियों को आज भी महिलाओं की कमजोरी समझा जाता है। महिलाएं, पुरुषों से किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। हरिद्वार की बेटी वंदना कटारिया ने टोक्यो ओलंपिक में देश का मान बढ़ाया है। आम आदमी पार्टी की ओर से पुलिस को चूड़ियां देना महिलाओं का घोर अपमान है। भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री अनु कक्कड़ का कहना है कि आज की देश की बेटियां चूड़ियां भी पहनती हैं और हॉकी भी चलाती हैं। आम आदमी पार्टी द्वारा चूड़ियां देना पूरे देश की बेटियों का अपमान है। सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसी ओछी राजनीति की वह निंदा करती हैं। समाज सेविका रेखा ने कहा कि चूड़ियां महिलाओं का सम्मान है। आप हो या कोई भी दल, जिसने भी यह किया है, ठीक नहीं है। इस देश को चलाने में महिलाएं अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। एक तरफ राजनीतिक पार्टियां महिलाओं के सम्मान की बात करती हैं तो दूसरी तरफ ऐसी हरकत कर यह बताने की कोशिश करती हैं कि महिलाएं आज भी कमजोर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें