हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवकों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने युवक पर जानलेवा हमला करने और हथियारों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष ने अपहरण कर जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों पक्षों के कई युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, मंडी के आढ़ती शाकिर खान निवासी ईदगाह रोड ज्वालापुर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनका पुत्र सुभान तीन फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे बहादराबाद जा रहा था। इसी दौरान बैराज रोड पर पहले से आहिल खान उर्फ ताज, सौरभ रीतेजा, दिव्यांशु, अमन और साहिब मलिक ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सभी के पास लाठी-डंडे, रिवॉल्वर और चाकू थे। गाली-गलौज के बाद सुभान के साथ बेरहमी से मारपीट की। उसके सिर पर रिवॉल्वर से वार किया। आरोप लगाया कि एक दिन पहले देर रात सभी हथियारों के साथ उसके घर पहुंचे, गेट पीटा था। घटना की सीसीटीवी फुटेज उनके पास सुरक्षित है।
दूसरी पक्ष की तरफ से अमन पुत्र शमशेर निवासी गुघाल मंदिर ज्वालापुर ने आरोप लगाया कि तीन फरवरी को उसे सुभान ने उसे बुलाकर गुरुनानक ढाबे लेकर गया। वहां से सुभान, शाकिर, अमन और भोलू उसे कार में बैठाकर जटवाड़ा पुल और फिर रानीपुर झाल होते हुए जंगल की ओर ले गए। आरोप है कि जंगल में उसके साथ लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट की गई और जबरन कार में बैठाकर ले जाने लगे। किसी तरह बहादराबाद टोल के पास वह कार से कूदकर भाग निकला। शोर मचाने पर भीड़ एकत्र हुई तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में उसकी बाईं हाथ की दो उंगलियां फट गईं और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।