हरिद्वार। रोटरी क्लब भारत व अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय समझौता के तहत 14 सदस्यीय अमेरिकी दल उत्तराखंड के अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान शांतिकुंज पहुंचा। यहां उन्होंने गायत्री तीर्थ में चलाए जा रहे विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली।
दल ने गायत्री परिवार प्रमुख डा. प्रणव पंड्या और शैलदीदी ने भेंट परामर्श किया। गायत्री परिवार प्रमुख डा पंड्या ने उन्हें भारतीय संस्कृति से अवगत कराते हुए कि यहां प्राचीन ऋषियों द्वारा सिंचित, अवतारों और महापुरुषों द्वारा संरक्षित धर्म और संस्कृति पल्लवित होते रहते हैं।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान अमेरिकी दल ने शांतिकुंज के विभिन्न प्रकल्पों का अध्ययन किया। शांतिकुंज के देवात्मा हिमालय-ध्यान कक्ष में ध्यान किया व बहिनों द्वारा संचालित 27 कुंडीय यज्ञशाला में हवन किया। बहिनों द्वारा संचालित साहित्य स्टॉल से उन्होंने युग साहित्य खरीदे, वहीं असिस्टेंट गर्वनर डोनेट ला चेपले ने 12 प्रकार से जड़ी-बूटियों से निर्मित आयुर्वेदिक प्रज्ञापेय के प्रति विशेष रुचि दिखाई। मनोवैज्ञानिक लिंडा बेडनर्ज, बैंकर इस्टर फ्रेंक, कार्यक्रम निदेशक रोनाल्ड गिलबर्ट ने कहा कि अमेरिका में भी एक ऐसा विवि होना चाहिए जैसे संस्कृतिनिष्ठ युवा गढ़ने की टकसाल के रूप में यहाँ देसंविवि है। दल में लिस्ले ब्रोंकर, लारेंस कोनिक, स्टुवर्ट एलिन मार्टिन आदि शामिल थे।