पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए त्योहारी सीजन में फल खाना मुश्किल हो गया है। त्योहारी और शादी का सीजन होने के कारण फलों के साथ ही ड्राई फ्रूट के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। पिछले एक हफ्ते भर में फल और मेवा की कीमतों में तकरीबन 20 फीसदी का उछाल आ गया है।
नवरात्र के दौरान शहर में ड्राई फ्रूट व फलों की मांग बढ़ गई है। यही कारण है कि दुकानदार अपने दुकानों में पर्याप्त मात्रा में ड्राई फ्रूट का स्टॉक मंगवा लिया था। ताकि पूजा व व्रत के दौरान कमी न हो। पेट्रोलियम पदार्थों के साथ-साथ खाद्य सामग्री के दाम रोजाना बढ़ ही रहे हैं, लेकिन नवरात्र में फल और मेवा के दाम तेजी से बढ़े हैं। ज्वालापुर के ड्राई फ्रूट विक्रेता नीरज बंसल बताते हैं कि त्योहार में सूखे मेवे के दाम बढ़ गए हैं। बीते एक पखवाड़े में बादाम, चिरौंजी, काजू, मखाना और छुहारा आदि के दाम बढ़े हैं। ज्वालापुर मंडी के फल विक्रेता खालिक अहमद का कहना है कि सेब और केले के दाम बढ़े हैं। फुटकर में रानीपुर के पास फल बेचने वाले विक्रेता सुरेश कुुमार ने बताया कि त्योहार में फलों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।