हरिद्वार। जिले में हरे पेड़ों का कटान लगातार हो रहा है। जानकारी होने के बावजूद उद्यान विभाग ठोस कदम नहीं उठा रहा है। बीते दिनों पथरी क्षेत्र में पेड़ काटने का मामला सामने आया, जिस पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसी बीच बहादराबाद में भी हरे आम के पेड़ों पर आरी चला दी गई। इसी बीच शुक्रवार को सिडकुल थाना क्षेत्र के कटेबड़ में एक कब्रिस्तान की हरियाली समाप्त हो गई। और रातों-रात पेड़ की टहनियां तक हटा दीं।
हरे पेड़ों पर चल रही आरी की शिकायत के बाद भी उद्यान विभाग मौके पर नहीं पहुंचा। वहीं, जब मामले की शिकायत एसडीएम मिली तो उन्होंने मौके पर राजस्व टीम भेजकर जांच के निर्देश दिए। टीम तीनों जगहों की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को सौंपने में जुटी हुई है।
बता दें कि बहादराबाद क्षेत्र के थाना सिडकुल के खालाटीरा निवासी ग्राम प्रधान अनिल सिंह ने मामले की शिकायत की है। उनका आरोप है कि वह कुछ दिनों के लिए ग्राम पंचायत से बाहर गए हुए थे। इस बीच जब वह शुक्रवार की शाम को लौटे तो उन्हें ग्राम पंचायत के पास मौजूद बागीचा नहीं दिखा।
उन्होंने एसडीएम अजयवीर सिंह से मामले की शिकायत की। इस पर एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक राकेश सिंह को मौके पर भेजकर मामले की जांच के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान का आरोप है कि कब्रिस्तान में पेड़ खड़े थे। करीब 40 से 50 पेड़ों का यह कब्रिस्तान हरा-भरा था, लेकिन इन पेड़ों पर आरियां चला दी गईं।
-
बहादराबाद और पथरी में चली थी आरियां
बहादराबाद में थाने के कुछ ही दूरी पर हरे पेड़ों पर आरियां चलीं। इसकी भनक पुलिस को भी नहीं लगी। वहीं, पथरी क्षेत्र के जियापोता में भी पेड़ काटे गए और इसके विरुद्ध ग्रामीणों ने शिकायत भी की। दोनों जगहों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सवाल यह भी उठने लगे हैं कि जब से वन विभाग के अधिकार क्षेत्र से फलदार पेड़ाें की संरक्षा और सुरक्षा उद्यान विभाग के पास आई तब से पेड़ों पर आरियां लगातार रेत रही हैं। बहादराबाद और जियापोता में मामला यह भी सामने आया कि ठेकेदार ने कुल 20 पेड़ों के कटान की अनुमति ली थी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी आड़ में सैकड़ों पेड़ों को नेस्तनाबूद कर दिया गया।